काली मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, कपाट खुलते ही मां के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु शक्ति स्वरूपा मां काली की आराधना में लीन दिखे भक्त, रजौन सब्जी बाजार स्थित सौ साल से अधिक पुराने काली मंदिर में भी उमड़ी भीड़ संवाद सूत्र गोपाल जी कश्यप रजौन (बांका)। दीपोत्सव के उल्लास के बीच मां काली की आराधना को लेकर रजौन प्रखंड का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। विभिन्न काली मंदिरों के कपाट खुलते ही माता के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। शक्ति की अधिष्ठात्री देवी मां काली के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजते रहे। सुबह से ही महिला, पुरुष और युवाओं की भीड़ मंदिरों में पहुंचकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करती और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगलकामना के लिए माता के चरणों में शीश नवाती नजर आई। रजौन प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न काली मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। इस अवसर पर रजौन सब्जी बाजार स्थित एक सौ वर्ष से भी अधिक पुराने ऐतिहासिक काली मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ जुटी। वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा और आस्था के इस केंद्र में माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी रहा। मंदिर में मां काली की पूजा-अर्चना के साथ पूरा वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया। दीपोत्सव के अवसर पर मां काली के प्रति लोगों की अटूट श्रद्धा और विश्वास एक बार फिर देखने को मिला।।