बाघराय बाजार में पुलिस का अभियान, दुकानदारों को पटरी खाली करने के निर्देश बाघराय, प्रतापगढ़। बाघराय बाजार में सड़क किनारे अतिक्रमण को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को थानाध्यक्ष श्रवण कुमार ने पुलिस टीम के साथ बाजार का भ्रमण कर दुकानदारों को सड़क की पटरियां खाली करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि दुकानदार अपनी दुकानों का सामान सड़क और पटरी पर न फैलाएं, जिससे आवागमन बाधित न हो। इस दौरान थानाध्यक्ष ने बाजार के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर दुकानदारों को समझाया कि सड़क की पटरियों पर सामान रखने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इससे आए दिन जाम की स्थिति भी उत्पन्न होती है। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे निर्धारित दुकान सीमा के अंदर ही अपना व्यवसाय करें और बाजार की व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। अभियान के दौरान बिहार चौकी इंचार्ज सत्यम तिवारी और कमासिन चौकी इंचार्ज देवी दयाल कश्यप भी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। पूरी पुलिस टीम ने बाजार में भ्रमण कर दुकानदारों को अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। पुलिस की इस पहल से बाजार में अतिक्रमण की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अब देखना यह होगा कि दुकानदार पुलिस के निर्देशों का कितना पालन करते हैं। यदि बाजार की पटरियां अतिक्रमण मुक्त रहती हैं तो आम लोगों को आवागमन में काफी राहत मिल सकती है।