राष्ट्रीय एकता दिवस पर दिलाई गई एकता और अखंडता की शपथ, सरदार पटेल को किया गया याद बिहार, प्रतापगढ़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर बिहार ब्लॉक परिसर स्थित सभागार में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने हाथ आगे बढ़ाकर राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली। शपथ में राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने तथा देशवासियों के बीच एकता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया गया। साथ ही देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने की प्रतिबद्धता भी जताई गई। इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के देश की एकता और अखंडता के लिए किए गए योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति से देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके आदर्श आज भी देशवासियों को एकता, भाईचारे और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं।