रजौन में मंदिरों को निशाना बना रहे चोर, उपरामा के दो शिव मंदिरों से घंटे चोरी पहले पुलिस परिसर के महादेव मंदिर और दुर्गा मंदिर में भी हो चुकी है चोरी, लगातार हो रही घटनाओं से श्रद्धालुओं में नाराजगी संवाद सूत्र गोपाल जी कश्यप रजौन (बांका) रजौन थाना क्षेत्र में मंदिरों से घंटे चोरी होने की घटनाएं एक बार फिर सामने आने से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। चोरों ने इस बार उपरामा गांव के दो शिव मंदिरों को निशाना बनाते हुए वहां लगे छोटे-बड़े घंटे चोरी कर लिए। इससे पहले रजौन पुलिस परिसर स्थित राजबनेश्वर नाथ महादेव मंदिर और रजौन बाजार के दुर्गा मंदिर में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों में चिंता व नाराजगी है। अब लोगों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। मिली जानकारी के अनुसार, 26 और 27 अक्टूबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उपरामा गांव स्थित श्री रामेश्वरनाथ महादेव मंदिर और शिव-पार्वती मंदिर (विजयधाम) से घंटे चोरी कर लिए। उपरामा निवासी अंजनी कुमार चौधरी ने इस संबंध में रजौन थाने में आवेदन देकर घटना की जानकारी दी है। बताया गया कि सुबह ग्रामीण जब टहलने निकले और मंदिरों में पहुंचे, तो घंटे गायब मिले। इसके बाद चोरी की घटना सामने आई। पहले भी मंदिरों को बना चुके हैं निशाना गौरतलब है कि इससे पूर्व चोरों ने रजौन पुलिस प्रांगण में स्थित राजबनेश्वर नाथ महादेव मंदिर और रजौन बाजार के दुर्गा मंदिर से भी घंटे चोरी कर लिए थे। कुछ दिनों तक ऐसी घटनाएं सामने नहीं आने के बाद उपरामा में दो मंदिरों को निशाना बनाए जाने से एक बार फिर मंदिरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रही चोरी की घटनाएं पुलिस के लिए भी चुनौती बनी हुई हैं। पुलिस की कार्रवाई पर टिकी निगाहें स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए चोरों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करेगी। रजौन थानाध्यक्ष अभय शंकर के नेतृत्व में मामले की जांच और चोरों की पहचान के लिए की जाने वाली कार्रवाई पर लोगों की निगाहें टिकी हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इन घटनाओं का उद्भेदन कर चोरी गए घंटों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी में कितनी जल्दी सफलता हासिल करती है।