28 लीटर शराब के साथ हीरो होंडा मोटरसाइकिल जब्त, एक गिरफ्तार थानाध्यक्ष अभय शंकर बोले शराबबंदी कानून तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई संवाद सूत्र गोपाल जी कश्यप रजौन (बांका) बिहार में शराबबंदी कानून के उल्लंघन के खिलाफ रजौन थाना पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने 100 बोतल देसी मसालेदार शराब बरामद कर भूसिया गांव निवासी सिंटू कुमार को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 28 लीटर बताई गई है। पुलिस ने शराब के मामले में इस्तेमाल की जा रही हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका पंजीकरण नंबर बीआर 51 एन 6562 है। इस संबंध में रजौन थाना कांड संख्या 423/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान रजौन थाना क्षेत्र के भूसिया गांव निवासी सचिदानंद सिंह के पुत्र सिंटू कुमार के रूप में हुई है। शराब बरामदगी और मोटरसाइकिल जब्ती के मामले में पुलिस निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है। शराब के अवैध कारोबार पर पुलिस की नजर रजौन थानाध्यक्ष अभय शंकर ने स्पष्ट कहा कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।