पश्चिम चंपारण। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत रामनगर में नौ वर्षीय बच्चे के अपहरण और बीस लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने अपहृत बच्चे शादिक अंसारी को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, देसी रिवॉल्वर और दो गोलियां भी बरामद की हैं। बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने सोमवार को रामनगर थाना में प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे सरेहवा देवराज गांव स्थित मसान नदी पुल पर तीन बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने कथित तौर पर बहला-फुसलाकर नौ वर्षीय शादिक अंसारी का अपहरण कर लिया। शादिक के पिता अब्दुल कैश अंसारी ने घटना के बाद पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर रामनगर थाने में कांड संख्या 666/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 17 और 18 अक्टूबर को बच्चे के पिता को फोन कर बीस लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी भी दी गई। फिरौती की रकम लेकर पिता को 18 अक्टूबर की शाम भितिहरवा आश्रम बुलाया गया था, लेकिन आरोपी वहां नहीं पहुंचे। पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए रामनगर के नेपाली टोला स्थित एक दुकाननुमा कमरे में छापेमारी की। वहां से बच्चे को सकुशल बरामद किया गया। मौके से मोहम्मद नियाज और अफरीदा खातून को पकड़ा गया। इसके अलावा मिक्की जायसवाल, नासिर अली और सुल्तान आलम को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जिस कमरे से बच्चा मिला, वहां से देसी रिवॉल्वर और दो गोलियां भी मिलीं। हथियार बरामदगी के मामले में अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।