पूरनपुर। नगर के एक स्थानीय होटल में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में नई नगर कार्यकारिणी और युवा टीम का गठन किया गया। कार्यक्रम में जिले और प्रदेश से आए पदाधिकारियों ने नवनियुक्त सदस्यों को मनोनयन पत्र, पटका एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि जिला संरक्षक संजीव मोहन अग्रवाल और जिला अध्यक्ष अनूप अग्रवाल ने संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश बंसल और प्रदेश मंत्री अश्विनी अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन हमेशा तत्पर रहेगा। नगर की नई कार्यकारिणी में नितिश अग्रवाल को नगर अध्यक्ष, विकास गुप्ता को महामंत्री, ऋषभ अग्रवाल को कोषाध्यक्ष तथा आशीष गुप्ता को मीडिया प्रभारी बनाया गया। वहीं युवा टीम में संजीव यादव को नगर अध्यक्ष, सुभाष गुप्ता को महामंत्री और मारूत चावला को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। युवा जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने युवाओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान "व्यापारी एकता जिंदाबाद" के नारों के बीच व्यापारियों ने संगठन को विस्तार देने और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।