चलती ऑटो में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान, बाजार में मची अफरा-तफरी रिपोर्टर...अश्विनी मिश्र चंदौली चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के चहनिया बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर चल रही एक सवारी ऑटो में अचानक आग लग गई। ऑटो में आग की लपटें उठती देख उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। अपनी जान बचाने के लिए यात्री आनन-फानन में ऑटो से उतरकर इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों ने सकुशल बच जाने पर भगवान का शुक्रिया अदा किया। जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक बलुआ थाना क्षेत्र के चहनिया बाजार से सवारियां लेकर चंदौली की ओर जा रहा था। इसी दौरान चहनिया बाजार में अचानक ऑटो में आग लग गई। धुआं टेलगेट ही सवारी उतर कर भाग खड़े हुए,देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। ऑटो से धुआं और आग की लपटें निकलती देख आसपास मौजूद लोगों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। ऑटो में बैठे यात्रियों को जैसे ही आग लगने की जानकारी हुई, वे तत्काल वाहन से नीचे उतरकर अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाजार में मौजूद दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आसपास के लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। स्थानीय दुकानदारों की सूझबूझ और तत्परता से आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि ऑटो में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के दौरान कुछ देर तक बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकल आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना ने एक बार फिर सवारी वाहनों की तकनीकी जांच और समय-समय पर उनकी मरम्मत की आवश्यकता को उजागर किया है।