बगहा। रामनगर थाना क्षेत्र के डैमरवा और मुड़ेरा गांव के बीच मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक प्रतिदिन की तरह हरिनगर शुगर मिल में काम करने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान मुड़ेरा गांव निवासी नंदकिशोर साह के पुत्र पिंटू साह के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे के सहारे परिवार की रोजी-रोटी चल रही थी, उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार, पिंटू पिछले करीब छह वर्षों से हरिनगर शुगर मिल के खाद प्लांट में मजदूर के रूप में काम कर रहा था। इसी नौकरी से वह अपने परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। मंगलवार को भी वह घर से काम पर जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही रामनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। रामनगर थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन प्राप्त होने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान में जुटी है।