सवर्ण हितों की रक्षा के लिए हुंकार राष्ट्रीय पेशवा बाजीराव महासंघ ने कलेक्टरेट में सौंपा ज्ञापन। अंबेडकर नगर जिला मुख्यालय राष्ट्रीय पेशवा बाजीराव महासंघ के तत्वावधान में राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलाब सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय कलेक्टरेट पहुँचकर प्रदर्शन किया और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महासंघ ने यूजीसी (UGC) रोल बैक करने और समाज के सभी वर्गों के हितों व संतुलन को ध्यान में रखते हुए 'सवर्ण आयोग' के शीघ्र गठन की प्रमुख मांग उठाई। इसके साथ ही सवर्ण समाज के अधिकारों की सुरक्षा और विकास से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण मांगें भी प्रमुखता से शासन के समक्ष रखी गईं। राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलाब सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि सवर्ण समाज की उपेक्षा को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को सवर्ण हितों के संरक्षण के लिए तुरंत सकारात्मक कदम उठाने चाहिए और सवर्ण आयोग का गठन कर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करना चाहिए। इस दौरान महासंघ के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।