बगहा। दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बगहा नगर परिषद क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। त्योहार के दौरान शहर की सड़कें, गलियां और चौक-चौराहे अंधेरे में न रहें, इसके लिए नगर परिषद ने स्ट्रीट लाइट लगाने की पहल शुरू की है। विभिन्न वार्डों में स्थानीय जरूरतों के अनुसार लाइटें लगाई जा रही हैं। नगर परिषद की इस पहल से त्योहारों के दौरान लोगों को रात में आवागमन करने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। दरअसल, नगर में स्ट्रीट लाइट लगाने और उनके रखरखाव की जिम्मेदारी ईईएसएल कंपनी को सौंपी गई थी। कंपनी की ओर से शहर में करीब 1500 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। लेकिन वर्तमान में इनमें से अधिकांश लाइटें खराब पड़ी हैं। इससे कई मोहल्लों और प्रमुख सड़कों पर रात के समय अंधेरा पसरा रहता है। सरकारी निर्देश के अनुसार नगर परिषद अपने स्तर से नई स्ट्रीट लाइट नहीं लगा सकता है। इसके बावजूद दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व को देखते हुए नगर परिषद प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत स्थानीय स्तर पर लाइट लगाने का काम शुरू कराया है। वार्ड संख्या 30 और 31 समेत अन्य वार्डों में भी यह कार्य जारी है। इसी क्रम में सोमवार को वार्ड संख्या 30 में मुख्य सड़कों और जरूरत वाले स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाई गई। वार्ड पार्षद संजय यादव की देखरेख में यह कार्य कराया गया। उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान लोगों को अंधेरे के कारण आवागमन में परेशानी नहीं हो, इसके लिए वार्ड में जरूरी स्थानों पर लाइट लगवाई जा रही है। वहीं, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार बैठा ने बताया कि विभागीय निर्देश के अनुसार ईईएसएल कंपनी के माध्यम से ही स्ट्रीट लाइट लगाने और खराब लाइटों की मरम्मत कराने की व्यवस्था है। कंपनी की ओर से मरम्मत का कार्य भी कराया जा रहा है। त्योहारों को देखते हुए नगर परिषद ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत लाइट लगाने की पहल की है। लक्ष्य है कि पर्व से पहले शहर के प्रमुख मार्गों और मोहल्लों में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था हो सके।