सरदार पटेल की जयंती पर एकता के रंग में रंगा रजौन, जगह-जगह हुए कार्यक्रम कुर्मी महासंघ और पटेल संघ की एकता यात्रा में उमड़ा उत्साह, पुलिसकर्मियों ने ली शपथ तो एनसीसी कैडेटों ने दिया एकजुटता का संदेश संवाद सूत्र गोपाल जी कश्यप रजौन (बांका) लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को रजौन में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश गूंजा। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस प्रतिष्ठानों और सामाजिक संगठनों ने कार्यक्रम आयोजित कर देश की एकता एवं अखंडता में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। प्रभात फेरी, एकता यात्रा, माल्यार्पण, शपथ ग्रहण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों ने सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। कुर्मी महासंघ और पटेल संघ ने निकाली एकता यात्रा कुर्मी महासंघ अंग प्रदेश एवं पटेल संघ के संयुक्त तत्वावधान में मोदी हाट स्थित शिवमणि संस्थान से प्रभात फेरी सह एकता यात्रा निकाली गई। संस्थान के सचिव शिवपूजन सिंह के नेतृत्व में निकली यात्रा में महासंघ के सदस्यों और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। यात्रा प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थापित सरदार पटेल की आदमकद प्रतिमा स्थल पर पहुंची, जहां माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। मुकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सभा का संचालन ओंकार भारती ने किया। वक्ताओं ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देते हैं। मौके पर संदीप कुमार चौधरी, अजीत कुमार राव, अंजनी कुमार चौधरी, प्रवीण कुमार सिंह, घनश्याम सिंह, सत्यनारायण सिंह, विष्णुदेव ठाकुर, सुदामा प्रसाद सिंह, अरुण राव, आलोक कुमार, भानू भारती, मनोरंजन सिंह, रितेश कुमार सिंह, शिवपूजन सिंह और बासुकी कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे। शिवमणि संस्थान के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। पुलिस थानों और महाविद्यालय में भी आयोजन राष्ट्रीय एकता दिवस पर रजौन थाना और नवादा बाजार सहायक थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। वहीं, डीएन सिंह महाविद्यालय के एनसीसी कैडेटों ने एकता रैली निकाली और इसके बाद भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।