जाइलो कार से कार्टून में पैक 596 बोतल विदेशी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार कोतवाली चौक पर वाहन जांच के दौरान नवादा बाजार पुलिस को मिली सफलता संवाद सूत्र गोपाल जी कश्यप रजौन (बांका) बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर तस्करी से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी क्रम में नवादा बाजार सहायक थाना पुलिस ने कोतवाली चौक पर वाहन जांच के दौरान जाइलो कार से 596 बोतल विदेशी शराब बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार में बनाए गए गुप्त तहखाने से बरामद शराब की कुल मात्रा 210.48 लीटर बताई गई है। पुलिस ने कार जब्त कर गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब्त जाइलो कार का रजिस्ट्रेशन नंबर बी आर 01 पी जी 3081 है। कार से आइकॉनिक व्हाइट ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाना क्षेत्र के सलहा गांव निवासी शिव कुमार पासवान, पिता बिंदा पासवान तथा सकरा थाना क्षेत्र के विष्णुपुर गांव निवासी राकेश कुमार, पिता प्रमोद राम और सूरज कुमार, पिता रामचंद्र राम के रूप में हुई है। कार्रवाई में सहायक थाना नवादा बाजार के थानाध्यक्ष सुजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल थी। छापेमारी दल में एएसआई कमलेश यादव, कांस्टेबल चंदन कुमार, शकील अहमद, अनिकेत कुमार, विकास कुमार, संजीव कुमार तथा चौकीदार अवधेश पासवान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।