बलुआ के इटवां गांव में चोरों का आतंक, लाखों के जेवरात और नकदी पर किया हाथ साफ; बीमार किशोर पर भी किया हमला चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के इटवां गांव में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने मुन्ना प्रजापति के घर को निशाना बनाते हुए करीब 2 से 3 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 12 हजार रुपये नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के दौरान घर में सो रहे 17 वर्षीय बीमार किशोर के साथ भी चोरों ने अमानवीय व्यवहार किया। आरोप है कि चोरों ने किशोर के मुंह पर स्प्रे छिड़क दिया। जब किशोर ने विरोध किया तो चोरों ने उसके सिर और पीठ पर मारपीट की। इसके बाद चोर छत के रास्ते फरार हो गए। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। वहीं थाना प्रभारी ने जल्द ही घटना का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।