अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर एसपी सख्त रजौन पुलिस निरीक्षक कार्यालय के वार्षिक निरीक्षण में एसपी अमितेश कुमार ने दिए निर्देश, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई पर जोर। संवाद सूत्र गोपाल जी कश्यप रजौन (बांका) अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने, लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने और पुलिस की कार्यप्रणाली को जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने गुरुवार को रजौन स्थित पुलिस निरीक्षक कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव, लंबित कांडों की स्थिति और क्षेत्र की विधि-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण के प्रति विशेष सतर्कता बरतने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करने का निर्देश दिया। वार्षिक निरीक्षण के क्रम में एसपी ने पुलिस निरीक्षक को क्षेत्र में नियमित गश्ती, भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहन जांच और अपराधियों के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने फरार अभियुक्तों और न्यायालय से निर्गत वारंट के आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के साथ ही शराब, अवैध हथियारों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एसपी ने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन पर विशेष बल दिया। उन्होंने अनुसंधान कार्य में तेजी लाने, प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा करने और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि कांडों के अनुसंधान और पुलिस कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यालय की साफ-सफाई और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव की भी समीक्षा की गई। एसपी ने आम लोगों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, उनकी शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण करने और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशीलता तथा जवाबदेही के साथ काम करने का निर्देश दिया।इस अवसर पर बौंसी के एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, रजौन के पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार, रजौन थानाध्यक्ष अभय शंकर सहित पदाधिकारी मौजूद रहे।