सांप निकालने वाले संपेरे को ही सांप ने बनाया निशाना, सर्पदंश से मौत चहनिया।बलुआ थाना क्षेत्र के सराय बलुआ गांव निवासी एक संपेरे की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश कुमार पुत्र शिवपूजन, उम्र करीब 37 वर्ष, निवासी सराय बलुआ के रूप में हुई है। राकेश लंबे समय से सांप पकड़ने और लोगों के घरों से सांप निकालने का काम करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं ग्रामीणों में भी शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार बीती रात छपरा गांव में एक घर में सांप निकलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर राकेश कुमार सांप को पकड़ने और बाहर निकालने के लिए मौके पर पहुंचा। वह सांप को निकालने का प्रयास कर ही रहा था कि विषैले सांप ने उसे दो बार डस लिया। सर्पदंश के बाद राकेश की हालत बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और आसपास के लोग उसे तत्काल उपचार के लिए ले जाने लगे। परिजनों के अनुसार, पहले राकेश को होम्योपैथिक दवा दिलाने के लिए ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत लगातार खराब होती देख परिजनों ने कोई जोखिम नहीं लिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सकलडीहा पहुंचाया गया। सीएचसी सकलडीहा में चिकित्सकों ने राकेश का परीक्षण किया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद सकलडीहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि राकेश सांप पकड़ने में माहिर था और क्षेत्र में कहीं भी सांप निकलने की सूचना मिलने पर वह मदद के लिए पहुंच जाता था। खासकर रात के समय भी ग्रामीणों के फोन पर वह घर से निकलकर सांप पकड़ने पहुंच जाता था।