सड़क हादसे में घायल सेवानिवृत्त कानूनगो की मौत चहनिया,बलूआ थाना क्षेत्र के सेमरा गांव स्थित पेट्रोल टंकी के पास हाईवे पर रविवार की देर शाम को हुए सड़क हादसे में घायल सेवानिवृत्त कानूनगो 67 वर्षीय राधेश्याम यादव की इलाज के दौरान सोमवार को निधन हो गया । स्कॉर्पियो चालक फरार हो गया । पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई । शव घर पर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया । सेमरा गांव निवासी राधेश्याम यादव कानूनगो पद से रिटायर होकर घर पर रहकर खेती बाड़ी का कार्य करते थे । रविवार की शाम को डेयरी पर दूध लेने के लिए हाइवे पर जा रहे थे कि अचानक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उनको जोरदार टक्कर मार दी । जिससे घायल होकर रोड पर गिरकर छटपटाने लगे। आसपास के ग्रामीणों ने दौड़कर उनको तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनिया ले गए,जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया । ट्रामा सेंटर में उनका इलाज चल रहा था । सोमवार को उनकी हालत और खराब हो गई और उनका निधन हो गया। राधेश्याम यादव कानूनगो के पद से कुछ वर्ष पहले सेवानिवृत हुए थे । उनको एक पुत्र अभिषेक यादव और एक पुत्री कंचन यादव हैं। पुत्री की शादी हो चुकी है । जबकि पुत्र अभिषेक यादव जालंधर में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करता है । पत्नी कमलेश देवी,पुत्र और पुत्री अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। स्कॉर्पियो की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसके पहिए जलने लगे ग्रामीणों ने पानी फेंककर आग बुझाई। मौके पर पहुंची बलुआ पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश में जुट गई है।