# रजौंध शरीफ में अकीदत के साथ मना दसवां सालाना उर्स **संदल जुलूस, चादरपोशी, नात और कव्वाली में जुटे अकीदतमंद, मुल्क में अमन-चैन की मांगी दुआ** **सिरदला। एक संवाददाता।** नवादा जिले के सिरदला प्रखंड अंतर्गत रजौंध शरीफ स्थित खानकाह फरीदिया तेगिया अहमदिया में शम्सुल औलिया हजरत सूफी शाह मोहम्मद अहमद हुसैन फरीदी तेगी कादरी रहमतुल्लाह अलैह का दसवां सालाना उर्स अकीदत के साथ मनाया गया। इसमें नवादा, झारखंड समेत विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मुरीद और जायरीन शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत नमाज-ए-फज्र के बाद कुरआनखानी और खत्म-ए-ख्वाजगान से हुई। इसके बाद संदल शरीफ का जुलूस निकाला गया। नमाज-ए-जुमा के बाद जमजम कमेटी मंजौली की ओर से आस्ताना शरीफ पर चादरपोशी और गुलपोशी की गई। जायरीनों के लिए लंगर-ए-आम की व्यवस्था भी की गई। **नात और कव्वाली से गुलजार हुई महफिल** नमाज-ए-इशा के बाद महफिल-ए-मिलादुन्नबी, नात और मनकबत का आयोजन हुआ। धनबाद के कारी शादाब अंबर अशरफी जामई ने नात और मनकबत पेश की। जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अलाउद्दीन ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की सीरत और औलिया की शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। इसके बाद सूफी शाह अली असलम फरीदी तेगी ने दुआ कराई। नवादा के कव्वाल मोहम्मद अजहर हसन साबरी ने कव्वाली प्रस्तुत की। अंत में देश की तरक्की, आपसी भाईचारे, अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआ मांगी गई। सज्जादानशीं मोहम्मद साबिर हुसैन फरीदी ने बताया कि उर्स की व्यवस्था में खानकाह के मुरीद हर साल सहयोग करते हैं। मौके पर कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।