वायरल वीडियो के संबंध में अवगत कराना है कि दिनांक 16/17.10.2026 की रात्रि में थाना जलालपुर क्षेत्रांतर्गत गल्ला मंडी में रामलीला मंचन के उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान आवेदक मोहम्मद इसराइल निवासी जमौली, थाना जलालपुर, जनपद अम्बेडकर नगर एवं उनके साथियों द्वारा मंच पर चढ़ने का प्रयास किया गया, जिसका रामलीला समिति के आयोजकों द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों पक्षों के मध्य वाद-विवाद होने लगा। मौके पर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान कस्बा क्षेत्र की रेसर मोबाइल भी मौके पर पहुंच गई। कार्यक्रम के दौरान आवेदक द्वारा गुटखा खाकर मंच पर थूकने की शिकायत भी प्राप्त हुई थी। पुलिस बल द्वारा तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को मौके से हटाया गया तथा स्थिति को नियंत्रित किया गया। उक्त प्रकरण से संबंधित वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए विभागीय जांच आख्या पूर्व में ही प्रेषित की जा चुकी है। वर्तमान में प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी कार्यालय, अम्बेडकर नगर द्वारा की जा रही है। उक्त संबंध में क्षेत्राधिकारी जलालपुर श्री अनूप कुमार सिंह द्वारा दी गई बाइट।