बगहा। पश्चिमी चंपारण जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मोतीपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से जान गंवाने वाले छात्र के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक पुलिस को शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया। बाद में पुलिस के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन पर लोग शांत हुए। मृतक की पहचान रामनगर थाना क्षेत्र के कुड़िया टोला गांव निवासी शमीम अहमद के 17 वर्षीय पुत्र अनिसुर रहमान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अनिसुर साइकिल से रामनगर कोचिंग करने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान मोतीपुर के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा रहा। स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी शोक का माहौल छा गया। अनिसुर ने दसवीं की परीक्षा पास करने के बाद इंटर में नामांकन कराया था। वह कंप्यूटर का प्रशिक्षण भी ले रहा था। दो भाइयों में सबसे बड़ा होने के कारण परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। उसके पिता राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग उठाई। सूचना मिलने पर रामनगर थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद लोग शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। रामनगर थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार के अनुसार, स्थानीय निगरानी कैमरों की जांच में एक स्विफ्ट डिजायर कार दिखाई दी है। उसका पंजीकरण नंबर यूपी 57 बीजे 4282 बताया गया है। पुलिस इसी नंबर के आधार पर वाहन मालिक और चालक की तलाश कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।