आम आदमी पार्टी की बैठक में कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार डॉ. मैथ्यू एन. देव को विजयी बनाने की अपील संवाद सूत्र गोपाल जी कश्यप रजौन (बाँका), आज दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को आम आदमी पार्टी, जिला इकाई बाँका की एक महत्वपूर्ण बैठक बाँका जिले के रजौन प्रखंड स्थित केसर वाटिका में संपन्न हुई। बैठक में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश कुमार यादव, इंजीनियर सत्येंद्र नारायण जी, कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार डॉ. मैथ्यू एन. देव तथा श्री रवि कुमार गुड्डू जी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश कुमार यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के क्षेत्र में आम जनता को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने दिल्ली और पंजाब में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता में सुधार तथा आम लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना पार्टी की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बिहार में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक सुधार की आवश्यकता है। श्री यादव ने कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के स्नातक मतदाताओं से अपील की कि वे योग्य, शिक्षित एवं जनहित के प्रति समर्पित उम्मीदवार डॉ. मैथ्यू एन. देव को अपना समर्थन देकर विजयी बनाएं। लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों का प्रतिनिधित्व जरूरी : इंजीनियर नंदलाल यादव आम आदमी पार्टी, बाँका के जिलाध्यक्ष इंजीनियर नंदलाल यादव ने कहा कि लोकतंत्र में लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद जैसे सदनों में विभिन्न राजनीतिक दलों एवं विचारधाराओं का प्रतिनिधित्व होना आवश्यक है।