बगहा। एनएच-727 के नौरंगिया-रामपुर मुख्य मार्ग पर वाल्मीकिनगर रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार की देर शाम सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। सड़क पार कर घर लौट रही महिला को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से महिला को एंबुलेंस से बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. पुष्प राज ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान लौकरिया थाना क्षेत्र के रामपुर मतौवरा टोला निवासी नारायण यादव की पत्नी कृष्णावती देवी (55) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है। मृतका के पोते पप्पू कुमार यादव ने बताया कि उनकी दादी बकरी चराने गई थीं। चारा लेकर घर लौटने के दौरान वह मुख्य सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों से दुर्घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पप्पू कुमार यादव ने बताया कि मुख्य सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की जरूरत जताई, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। इधर, लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।थानाध्यक्ष के अनुसार, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।