संग्रामपुर/अमेठी। दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए संग्रामपुर पुलिस ने प्रतिमा विसर्जन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से थानाध्यक्ष संजय सिंह ने पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्र के प्रमुख विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस टीम ने विशेश्वरगंज नदी घाट, मालती नदी रामघाट, ठेंगहा समेत विभिन्न विसर्जन स्थलों पर पहुंचकर घाटों की स्थिति, वहां तक पहुंचने वाले मार्गों और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिमा विसर्जन के समय उमड़ने वाली भीड़, श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण से जुड़े पहलुओं को परखा गया। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर जोर दिया। पुलिस का प्रयास है कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। पुलिस के अनुसार घाटों का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के आदेश तथा अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के निर्देश पर किया गया। पुलिस ने संकेत दिया कि पर्व के दौरान घाटों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को मुस्तैद रखा जाएगा।