संग्रामपुर। क्षेत्र में एक बार फिर पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया। सड़क हादसे में घायल करीब 75 वर्षीय वृद्ध महिला को समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने पर गश्त पर निकले संग्रामपुर थाने के उपनिरीक्षक राजेश सिंह ने अपने सरकारी वाहन से तत्काल अस्पताल पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की। घटना संग्रामपुर क्षेत्र के हनुमान मंदिर ठेंगहा बाजार की है। बताया जाता है कि ठेंगहा निवासी गया देई पत्नी रामफेर, उम्र करीब 75 वर्ष, घर से पानी लेने के लिए निकली थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक पिकअप वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल वृद्धा को सड़क से उठाकर समीप ही प्राथमिक उपचार दिलाया। इसके बाद एंबुलेंस के लिए फोन किया गया, लेकिन सेवा मिलने में देरी हो रही थी। इसी दौरान गश्त पर निकले संग्रामपुर थाने के उपनिरीक्षक राजेश सिंह की नजर घायल महिला पर पड़ी। स्थिति को देखते हुए उपनिरीक्षक ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना पुलिस वाहन से घायल वृद्धा को तत्काल संग्रामपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। पुलिसकर्मी की इस तत्परता और मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।