*सावन के पहले सोमवार को अमेठी से भक्तों का दल पहुंचा घुईसर नाथ धाम, किया जलाभिषेक* *अमेठी* सावन के पहले सोमवार को आस्था का रंग जिले भर में दिखा। अमेठी से शिव भक्तों का एक दल घुईसर नाथ धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने गया। सुबह से ही "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयकारों के साथ भक्तगण मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सपा नेता शिव प्रताप यादव, बीआरसी और फौजी ने बताया कि दल के सभी सदस्य सुबह से ही भक्ति भाव में लीन होकर धाम के लिए रवाना हुए थे। मंदिर पहुंचकर सभी ने पहले भगवान भोलेनाथ का दर्शन पूजन किया। इसके बाद पवित्र जल से जलाभिषेक कर अमेठी वासियों की सुख-समृद्धि और कुशलता की कामना की। भक्तों ने बताया कि सावन माह में घुईसर नाथ धाम की विशेष मान्यता है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मन्नतें पूरी होती हैं। इसी आस्था के चलते अमेठी से हर सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने कतार में लगकर बेलपत्र, दूध, गंगाजल और फूल अर्पित किए। पुजारियों ने रुद्राभिषेक और विशेष पूजन भी कराया। पूरे परिसर में भजन-कीर्तन और शंख-घंटियों की गूंज से भक्तिमय माहौल बना रहा। प्रशासन की ओर से मंदिर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल तैनात रहा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पीने के पानी व प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था भी की गई थी। शिव प्रताप यादव ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का पवित्र महीना है। इस महीने में किया गया जलाभिषेक विशेष फलदायी होता है। उन्होंने कामना की कि बाबा भोलेनाथ पूरे जिले में सुख-शांति बनाए रखें। जलाभिषेक के बाद भक्तगण प्रसाद लेकर देर शाम तक वापस अमेठी लौटे।