बगहा। पुलिस जिला बगहा के पिपरासी थाना क्षेत्र के भिलोरवा टोला गांव में शुक्रवार को 18 वर्षीय किशोरी का शव शीशम के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पिपरासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। मृतका की पहचान गांव निवासी मुनिलाल सहनी की पुत्री चुलबुली उर्फ गुड़िया कुमारी (18) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह मंगलवार को गांव की अन्य लड़कियों के साथ मवेशियों के लिए चारा लाने गई थी। देर शाम तक उसके साथ गई सभी लड़कियां लौट आईं, लेकिन गुड़िया घर नहीं पहुंची। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह मवेशी चरा रहे ग्रामीणों ने सरेह में शीशम के पेड़ से शव लटका देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पिपरासी थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने बताया कि परिजनों के अनुसार पारिवारिक विवाद के बाद किशोरी घर से निकली थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।